चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) : चाकुलिया रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर शनिवार की दोपहर डाउन गीतांजलि एक्सप्रेस से कूद जाने के कारण घाटशिला कॉलेज की छात्रा चाकुलिया प्रखंड के लोहामालिया गांव निवासी कविता नायक गंभीर रूप से घायल हो गई।
यह दुर्घटना प्लेटफॉर्म संख्या तीन के पोल संख्या 182/30बी/एन के पास दोपहर करीब दो बजे घटित हुई। घायल छात्र को एक टेंपो से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया है। यहां उसका इलाज जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार सेमेस्टर तीन की छात्रा कविता नायक अपनी सहेली पूजा नायक के साथ घाटशिला स्टेशन से ट्रेन पकड़ रही थी। इस दौरान दोनों गलती से गीतांजलि एक्सप्रेस पर सवार हो गई।
जब ट्रेन चाकुलिया रेलवे स्टेशन से गुजरने लगी और वहां नहीं रुकी तो घबराहट में कविता ने चलती ट्रेन से छलांग लगा दी। इससे वह बुरी तरह जख्मी हो गई। उसकी सहेली पूजा नायक ट्रेन में ही रह गई। उसने तत्काल फोन के माध्यम से कविता के परिजनों को दुर्घटना की सूचना दी।
गंभीर अवस्था में ट्रैक के पास पड़ी छात्रा की मदद के लिए स्थानीय युवक अंकित सिंह और प्रणव पात्र ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छात्रा को टेंपो से चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
वहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर साइबा सोरेन ने घायल छात्रा का प्राथमिक उपचार किया। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल के एसआई करण सोरेन भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घायल छात्रा की स्थिति का जायजा लेते हुए मामले की जानकारी ली।