संवाददाता: रोहन सिंह| चाकुलिया, 3 जून
चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत नामोपाड़ा में मंगलवार को हुए भीषण ट्रैफिक जाम ने एक बीमार युवक की जान ले ली। जोड़ाम गांव निवासी श्यामा पद नायक (35 वर्ष) की तबीयत बिगड़ने पर जब उसकी मां प्रमिला नायक उसे टेंपो से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ला रही थीं, तो नामोपाड़ा के पास तीन हाइवा वाहनों के कारण सड़क पर भारी जाम लग गया।
करीब 45 मिनट तक टेंपो जाम में फंसा रहा, जिससे अस्पताल पहुंचने में देरी हुई और युवक ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
छाती दर्द और उल्टी के बाद बिगड़ी हालत
प्रमिला नायक ने बताया कि श्यामा को बीती रात छाती में तेज दर्द हो रहा था और सुबह होते ही उल्टी भी शुरू हो गई। हालत बिगड़ती देख वे उसे जल्दी से चाकुलिया अस्पताल ले जा रही थीं, लेकिन जाम ने उनकी उम्मीद तोड़ दी।
“हम टेंपो में थे और मेरा बेटा छटपटा रहा था। सड़क पर ट्रकों की लंबी कतार थी, कोई रास्ता नहीं मिल रहा था,” – प्रमिला नायक
टेंपो चालक का आरोप: यह जाम रोज लगता है, प्रशासन आंख मूंदे बैठा है
घटना के बाद टेंपो चालक ने बताया,
“नामोपाड़ा के पास ऐसा जाम तो आए दिन लगता है। मैं खुद रोज देखता हूं कि स्कूली बच्चे, मरीज, बुजुर्ग — सब परेशान रहते हैं। लेकिन प्रशासन कुछ नहीं करता। न कोई ट्रैफिक पुलिस होती है, न कोई नियम।”
चालक ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर समय पर ट्रैफिक नियंत्रण होता, तो शायद युवक की जान बच जाती।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टर ने मृत घोषित किया
डॉ. सुषमा किरण नाग ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में युवक की जांच की और उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर ने बताया कि मरीज की हालत बेहद गंभीर थी और समय पर इलाज मिलना बेहद जरूरी था।
स्थानीयों में आक्रोश, यातायात सुधार की मांग
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नामोपाड़ा में हाइवा और भारी वाहनों का अनियंत्रित परिचालन हमेशा जाम की वजह बनता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि भारी वाहनों का मार्ग बदला जाए या समय तय किया जाए, ताकि इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।