चाकुलिया। संवाददाता (रोहन सिंह) :
रातभर मचाया उत्पात
चाकुलिया प्रखंड के कालियाम पंचायत अंतर्गत जामबनी गांव में बीती रात सात हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। रात करीब 12 बजे से सुबह 3 बजे तक हाथियों ने गांव में दहशत का माहौल बना दिया।
दुकान का शटर तोड़कर किया नुकसान
हाथियों ने गांव निवासी लखी मुनी हांसदा की किराना दुकान का शटर तोड़ दिया और अंदर रखे आलू, चावल, दाल, चीनी सहित अन्य सामान को नष्ट कर दिया। इस घटना में करीब 50 हजार रुपये से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है।

किसानों की फसल बर्बाद
हाथियों के झुंड ने कई किसानों के खेतों में खड़ी गरमा धान की फसल को रौंद कर बर्बाद कर दिया। प्रभावित किसानों में भागवत हांसदा, दिलीप हांसदा, विराम हांसदा, सुनाराम हांसदा सहित कई अन्य शामिल हैं।
वन विभाग ने खदेड़ा हाथियों को
घटना की सूचना मिलने के बाद मुखिया दासो हेंब्रम ने वन विभाग को जानकारी दी। मौके पर पहुंची टीम ने हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा, तब जाकर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
ग्रामीणों में दहशत, किसानों में चिंता
हाथियों के लगातार बढ़ते उत्पात से ग्रामीणों में भय का माहौल है। वहीं गरमा धान, तरबूज और सब्जी की खेती करने वाले किसान काफी चिंतित हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों को सुरक्षित स्थान पर भेजने और स्थायी समाधान की मांग की है।