चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) : चाकुलिया में आस्था के प्रमुख केंद्र नागानल बाबा मंदिर में 16 जनवरी से आयोजित होने वाले दो दिवसीय मकर महोत्सव को लेकर भव्य तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिर परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया है और नागानल बाबा का दरबार भक्तों के स्वागत के लिए तैयार है।
धार्मिक अनुष्ठानों की रहेगी विशेष श्रृंखला
मकर महोत्सव के दौरान मंदिर में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा। गुरुवार को भी पूजा-अर्चना के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे, जिससे माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।
16 जनवरी को विधायक करेंगे महोत्सव का उद्घाटन
16 जनवरी को विधायक समीर कुमार मोहंती द्वारा पूजा-अर्चना और हवन के साथ मकर महोत्सव का विधिवत उद्घाटन किया जाएगा। वहीं थाना प्रभारी संतोष कुमार नागानल बाबा के दरबार में चांदनी अर्पित करेंगे। इसी दिन सुबह 10 बजे से मंदिर प्रांगण में अष्टम प्रहर अखंड हरिनाम संकीर्तन का शुभारंभ होगा।
17 जनवरी को होगा सुंदरकांड पाठ
महोत्सव के दूसरे दिन, 17 जनवरी को मंदिर परिसर में सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
मेला और श्रद्धालुओं की उमड़ती भीड़ रहेगी आकर्षण
मंदिर कमेटी के अध्यक्ष राज मिश्रा ने बताया कि महोत्सव को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मकर महोत्सव के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। इस अवसर पर मंदिर परिसर में मेला भी लगता है, जहां विभिन्न प्रकार की दुकानें सजती हैं और श्रद्धालु मेले का आनंद लेते हैं।