Responsive Menu
Add more content here...

चाकुलिया के रूपुषकुंडी सन्यासी पीठ में तीन दिवसीय सन्यासी पूजा का शुभारंभ, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

Spread the love

चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) : चाकुलिया प्रखंड की सरडीहा पंचायत अंतर्गत रूपुषकुंडी गांव में देव नदी तट पर स्थित ऐतिहासिक सन्यासी पीठ में मकर पर्व के अवसर पर तीन दिवसीय सन्यासी पूजा गुरुवार से विधिवत शुरू हो गई। यह आयोजन हिंदू मिलन संघ एवं सन्यासी स्थान पूजा कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।

पूजा के प्रथम दिन सन्यासी पीठ में पूजा-अर्चना के लिए सरडीहा, बांकशोल, रूपुषकुंडी, सांपधर, मानुषमुरिया सहित आसपास के कई गांवों से श्रद्धालु पहुंचे। इसके अलावा पंचायत से सटे पश्चिम बंगाल के विभिन्न गांवों से भी बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही।

पूजा-अर्चना का विधिवत संचालन पुजारी अमल नायक द्वारा किया गया। श्रद्धालुओं ने पूजा कर क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। पूजा संपन्न होने के बाद हरिनाम संकीर्तन का आयोजन किया गया, जिससे वातावरण भक्तिमय हो उठा।

आयोजन समिति के अनुसार गुरुवार की शाम से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। साथ ही 16 और 17 जनवरी को भी विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

स्थानीय मान्यताओं के अनुसार सन्यासी पूजा का इतिहास लगभग 300 वर्ष पुराना है, जिसे हर वर्ष श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जाता है।