advertisment

चाकुलिया। संवाददाता (रोहन सिंह) :
प्रखंड कार्यालय में हुई महत्वपूर्ण बैठक
पूर्वी सिंहभूम जिला के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने गुरुवार को चाकुलिया प्रखंड कार्यालय सभागार में आगामी नगर पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में चुनाव को शांतिपूर्ण एवं सफल बनाने के उद्देश्य से सभी बूथों और क्लस्टर की विधि-व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश दिए गए।

बूथों और विद्यालयों का किया निरीक्षण
बैठक के बाद उपायुक्त ने नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न बूथों और क्लस्टर का स्थल निरीक्षण किया। इस क्रम में वे केदार नाथ झुनझुनवाला उच्च विद्यालय पहुंचे, जहां चुनावी व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ कक्षाओं में शैक्षणिक गतिविधियों का भी निरीक्षण किया। कुछ छात्रों को बिना जूतों के देख उन्होंने नियमित रूप से जूता पहनकर स्कूल आने की सलाह दी।

इसके बाद आनंद मार्ग स्कूल में छोटे बच्चों को जमीन पर बैठकर पढ़ते देख उन्होंने नाराजगी जताई और प्रधानाध्यापक सुनील कुमार महतो को निर्देश दिया कि बच्चों को बेंच पर बैठाकर पढ़ाई सुनिश्चित की जाए।
advertisment

क्लस्टर में उपलब्ध सुविधाओं की जांच
अंत में उपायुक्त ने मनोहर लाल प्लस टू उच्च विद्यालय स्थित क्लस्टर का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं की जांच की।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी सुनील चंद्र, एसडीपीओ अजित कुजूर, अंचल अधिकारी नवीन पूरती, प्रखंड विकास पदाधिकारी आरती मुंडा, बहरागोड़ा बीडीओ केशव भारती, गुड़ाबांदा बीडीओ डांगुर कोड़ा तथा थाना प्रभारी संतोष कुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।