गुड़ाबांदा। संवाददाता
सुबह शौच के लिए निकली थीं वृद्धा
गुड़ाबांदा प्रखंड के बेनागाड़िया गांव में गुरुवार सुबह करीब 6:30 बजे एक हाथी ने 68 वर्षीय चंपा हेंब्रम नामक वृद्धा को पटक कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। बताया जाता है कि वृद्धा घर से शौच के लिए बाहर निकली थीं। इसी दौरान सामने हाथी आ गया। भागने की कोशिश में हाथी ने उन्हें पटक दिया, जिससे उनका एक पैर बुरी तरह घायल हो गया।
advertisment

सीएचसी में प्राथमिक उपचार, बारीपादा रेफर
परिजन घायल वृद्धा को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहरागोड़ा ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए ओडिशा के बारीपादा रेफर कर दिया।
advertisment

वन विभाग ने दी तात्कालिक सहायता
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। विभाग की ओर से घायल वृद्धा के इलाज के लिए तत्काल 20 हजार रुपये की सहायता प्रदान की गई।
इलाके में हाथी की दहशत
ग्रामीणों के अनुसार पिछले कुछ दिनों से इलाके में एक हाथी घूम रहा है, जिससे लोग दहशत में हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथी को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।