चाकुलिया। संवाददाता (रोहन सिंह) :
त्योहारों को लेकर प्रशासन अलर्ट
आगामी होली और ईद पर्व को देखते हुए मंगलवार को चाकुलिया थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अंचल अधिकारी नवीन पुरती ने की। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सभी समुदाय आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाएंगे तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखी जाएगी।
बच्चा चोरी की अफवाहों पर सख्त नजर
बैठक के दौरान क्षेत्र में फैल रही बच्चा चोरी की अफवाहों पर गंभीर चर्चा हुई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निर्णय लिया गया कि ग्राम प्रधानों और स्थानीय प्रतिनिधियों के साथ विशेष बैठक कर लोगों को जागरूक किया जाएगा। साथ ही माइकिंग के माध्यम से भी आम जनता से अपील की जाएगी कि वे किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें और तुरंत पुलिस को सूचित करें।
रात में दिख रहे संदिग्ध ड्रोन, जांच के निर्देश
स्थानीय नागरिकों और ग्राम प्रधानों ने प्रखंड के विभिन्न गांवों में रात के समय संदिग्ध ड्रोन उड़ते देखे जाने की जानकारी दी। इस पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन से जांच की मांग की गई। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि ड्रोन उड़ान की सत्यता और उसके उद्देश्य की जांच की जाएगी तथा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बिजली-पानी की निर्बाध आपूर्ति की मांग
समिति के सदस्यों ने पर्व के दौरान निर्बाध बिजली और पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जनप्रतिनिधियों ने की शांति बनाए रखने की अपील
बैठक में प्रखंड प्रमुख भुवनेश्वर करुणामय, उप प्रमुख कविता साव, नगर पंचायत प्रशासक मोटाय बानरा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। बैठक का संचालन रविंद्र नाथ मिश्रा ने किया, जबकि थाना प्रभारी संतोष कुमार ने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर वार्ड पार्षद मो. गुलाब, नगर प्रबंधक प्रभात मिंज, मुखिया शिव चरण हांसदा, साहेब राम मांडी, मोहन सोरेन, दासो हेंब्रम, जादू हेंब्रम, मंजू टुडू, दानगी सोरेन, पतित पावन दास, समीर दास समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।