चाकुलिया। संवाददाता (रोहन सिंह) :
चाकुलिया थाना क्षेत्र के आमडांगरा गांव में भूमि विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि संपत्ति को लेकर चल रहे विवाद में एक भतीजे ने अपनी 64 वर्षीय चाची पर जानलेवा हमला कर दिया और धारदार हथियार से उनकी जीभ काट दी। घायल महिला की पहचान मोनी मांडी के रूप में हुई है।
घटना की जानकारी देते हुए महिला के पति कुंवर मांडी सोमवार को ग्रामीणों के साथ थाना पहुंचे और पुलिस पदाधिकारी अजीत कुमार व पीतांबर मंडल को आवेदन सौंपकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।
कुंवर मांडी के अनुसार, 12 फरवरी को वह घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान भतीजा रूपचंद मांडी घर में घुस आया और मोनी मांडी को यह कहकर घर के एक कोने में ले गया कि घर में सांप घुस आया है। आरोप है कि वहां उसने कटारी से हमला कर दिया, जिससे महिला की जीभ कट गई और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आईं।
घायल अवस्था में परिजनों ने उन्हें पश्चिम बंगाल के चिल्कीगढ़ अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने झाड़ग्राम अस्पताल रेफर कर दिया।
बताया गया कि घटना के बाद मामला ग्राम प्रधान विजय सोरेन के पास पहुंचा। तीन दिनों तक गांव में पंचायत के माध्यम से समझौते की कोशिश की गई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकलने पर परिजन थाना पहुंचे।
थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि कुंवर मांडी के बयान पर आरोपी रूपचंद मांडी के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।