चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह): चाकुलिया नगर पंचायत के पुराना बाजार स्थित मनोहर लाल प्लस टू उच्च विद्यालय में बुधवार को विद्यालय प्रबंधन समिति और अभिभावक-शिक्षकों की बैठक एसएमडीसी की अध्यक्ष पीयू दास की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में कक्षा 10 के विद्यार्थियों की वार्षिक माध्यमिक परीक्षा 2026 के फॉर्म भरने के लिए 75% उपस्थिति अनिवार्य होने की चर्चा की गई। अभिभावकों से आग्रह किया गया कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें ताकि उनकी उपस्थिति पूरी हो सके।
बैठक में शिक्षा के महत्व पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया। शिक्षकों ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को मोटरसाइकिल चलाने से रोकें और मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग से बचाएं। विद्यार्थियों को मोबाइल का अनावश्यक उपयोग न करने के लिए प्रेरित किया गया।
अभिभावकों ने बैठक में भाग लेकर शिक्षकों से अपने बच्चों की शैक्षणिक प्रगति की जानकारी ली। साथ ही, विद्यालय में मिलने वाली सरकारी सुविधाओं के बारे में प्रभारी प्रधानाध्यापक सुभाष चंद्र महतो ने विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर एसएमडीसी के उपाध्यक्ष जुसेन घोष, रिंकी बाग, विद्यालय के विधायक प्रतिनिधि मो गुलाब, शिक्षक प्रसाद मन्ना, सुभाशीष पाल, राजीव लोचन भूई, उमाशंकर पाल, अमित दत्ता, सुराई हांसदा, बहादुर हांसदा, गौतम मंडल, पुरुषोत्तम आनंद, दिनेश कुमार, राकेश रजक और शिक्षिकाएं जुही कुमारी, अंजू कुमारी, नेहा खलखो और कुमारी चिंतामणि उपस्थित रहीं।