चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह)
चाकुलिया-माटिहाना मुख्य मार्ग पर दीघी गांव के पास गुरुवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक 10 चक्का ट्रक के साइलेंसर से अचानक घना धुआं निकलने लगा। घटना के चलते कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात भी बाधित हो गया।
ट्रक से इतनी अधिक मात्रा में धुआं निकलने लगा कि धुएं के गुब्बार पूरे क्षेत्र में फैल गए। यह देख आसपास के लोग घबरा गए और उन्होंने आशंका जताई कि कोई बड़ा हादसा हो गया है।
हालांकि, मौके पर मौजूद ट्रक चालक ने बताया कि ट्रक ब्रेकडाउन हो गया था और उसके इंजन में मोबिल (इंजन ऑयल) प्रवेश कर गया था, जिससे साइलेंसर से अत्यधिक धुआं निकलने लगा।
चालक के अनुसार, यह खाली ट्रक पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर से ओडिशा के जाजपुर की ओर जा रहा था। तकनीकी खराबी के चलते यह घटना हुई।
स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से स्थिति पर जल्द ही काबू पाया गया और कुछ समय बाद यातायात सामान्य हो गया।