चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह):चाकुलिया नगर पंचायत कार्यालय के सभागार में बुधवार को “सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ” अभियान को लेकर एक अहम बैठक आयोजित की गई। नगर पंचायत प्रशासक के निर्देशानुसार आयोजित इस बैठक में महिला समूहों की सक्रिय भागीदारी रही।
बैठक का उद्देश्य मानसून के दौरान फैलने वाली जल जनित बीमारियों जैसे मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया से बचाव के उपायों पर चर्चा करना था। इस दौरान नगर प्रबंधक अनंत खलखो ने बताया कि आगामी एक माह तक चलने वाले इस जन जागरूकता अभियान के तहत शहर के विभिन्न वार्डों में स्वच्छता संबंधी कार्यक्रम चलाए जाएंगे।
बैठक में प्रभात मिंज, सफाई सुपरवाइजर असीम नाथ, सामुदायिक संगठनकर्ता रेणुका महतो, प्रलभ झा सहित कई अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे। वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता ही बीमारियों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है और इसमें समुदाय की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों से अपील की गई कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में साफ-सफाई बनाए रखने, पानी जमा न होने देने और नियमित सफाई कार्यों में सहयोग प्रदान करें, जिससे नगर को स्वच्छ और रोगमुक्त बनाया जा सके।