रांची/दिल्ली: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर रातू रोड फ्लाइओवर के उद्घाटन कार्यक्रम की तिथि आगे बढ़ाने का अनुरोध किया है। यह उद्घाटन कल निर्धारित है, लेकिन मुख्यमंत्री फिलहाल दिल्ली में हैं, जहाँ उनके पिता दिशोम गुरु शिबू सोरेन का इलाज सर गंगाराम अस्पताल में चल रहा है।
मुख्यमंत्री ने पत्र में स्पष्ट किया कि परिवारिक कारणों, विशेषकर उनके पिता की तबीयत बिगड़ने की वजह से वे फिलहाल रांची नहीं लौट सकते। ऐसे में उन्होंने उद्घाटन की तिथि को स्थगित कर पुनः निर्धारित करने की मांग की है ताकि राज्य सरकार की उपस्थिति में यह कार्यक्रम संपन्न हो सके।
गौरतलब है कि रातू रोड फ्लाइओवर रांची की एक बड़ी बुनियादी परियोजना है, जिसका निर्माण लगभग पूरा हो चुका है और इसके चालू होने से राजधानी में ट्रैफिक की समस्या में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
अब देखना यह होगा कि केंद्रीय मंत्री गडकरी मुख्यमंत्री के आग्रह पर क्या निर्णय लेते हैं।