चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) : चाकुलिया के पुराना बाजार स्थित प्राप्ति ज्वेलर्स के मालिक अरुण नंदी से बीते सोमवार रात को हुई करीब डेढ़ किलो सोने के जेवरात और नगदी की लूट के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। चाकुलिया पुलिस ने मंगलवार देर रात बंगाल सीमा से सटे बेंद क्षेत्र के पास कूपन नदी के किनारे से इस लूटकांड में प्रयुक्त पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। यह बरामदगी पकड़े गए दो आरोपियों की निशानदेही पर की गई है।
इस मामले में चाकुलिया थाना में कांड संख्या 45/25 के तहत थाना प्रभारी संतोष कुमार के बयान पर मो. रफिक, निरंजन गौड़ और संजीव मिश्रा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
ज्ञात हो कि तीनों अपराधी सोना लूट कर एक मोटरसाइकिल से पश्चिम बंगाल की ओर भाग रहे थे, तभी थाना प्रभारी संतोष कुमार ने पुलिस बल के साथ मोटरसाइकिल से पीछा करते हुए बंगाल के जामबनी थाना की सहायता से दो अपराधियों – मो. रफिक और निरंजन गौड़ – को बाइक समेत धर दबोचा था।
पकड़े गए आरोपियों के पास से लगभग डेढ़ किलो सोना के जेवरात बरामद किए गए थे। तीसरा आरोपी संजीव मिश्रा अब भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।