स्वास्थ्य बिगड़ने पर आया स्ट्रोक, बायां हिस्सा हुआ पैरालाइज़; देशभर से दुआओं का सिलसिला जारी
ब्यूरो रिपोर्ट
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संरक्षक दिशोम गुरु शिबू सोरेन की तबीयत गंभीर बनी हुई है। फिलहाल उन्हें दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिबू सोरेन को स्ट्रोक आया है और इसके कारण उनका बायां शरीर पैरालाइज (पक्षाघात) हो गया है। उनकी हालत को देखते हुए उन्हें आईसीयू में रखा गया है।
देशभर से आदिवासी समाज और झामुमो कार्यकर्ताओं की प्रार्थनाएं जारी
शिबू सोरेन न केवल झारखंड बल्कि पूरे देश के आदिवासी समुदाय के लिए प्रेरणा और सम्मान का प्रतीक रहे हैं। दशकों से उन्होंने जनजातीय अधिकारों की लड़ाई लड़ी है और झारखंड राज्य के निर्माण में अहम भूमिका निभाई है।
उनकी तबीयत खराब होने की खबर से राज्यभर में चिंता और दुख का माहौल है। झारखंड के ग्रामीण इलाकों से लेकर राजधानी रांची और दिल्ली तक हजारों समर्थक व कार्यकर्ता ईश्वर से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलकर ली स्वास्थ्य जानकारी
देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी आज ही झारखंड के मुख्यमंत्री और शिबू सोरेन के पुत्र हेमंत सोरेन से मुलाकात की। उन्होंने दिशोम गुरु के स्वास्थ्य की ताजा जानकारी ली और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू झारखंड की राज्यपाल रह चुकी है और पडोसी राज्य ओडिशा से आती है और उन्होंने भी शिबू सोरेन को जनजातीय समाज के हितों के लिए सदैव संघर्षरत नेता के रूप में सराहा है।
सर गंगा राम अस्पताल की मेडिकल टीम निगरानी में जुटी
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, शिबू सोरेन को स्ट्रोक के बाद तात्कालिक उपचार दिया गया और फिलहाल वे डॉक्टरों की विशेष निगरानी में हैं। उनकी हालत नाजुक बनी हुई है और अगले 24 घंटे बेहद अहम माने जा रहे हैं।
राज्य सरकार और झामुमो में चिंता का माहौल
झामुमो के वरिष्ठ नेताओं, विधायकगण, और हजारों पार्टी कार्यकर्ता दिल्ली और रांची में लगातार संपर्क बनाए हुए हैं। सोशल मीडिया पर भी उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता व्यक्त की जा रही है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन लगातार डॉक्टरों से संपर्क में हैं और हर अपडेट की निगरानी स्वयं कर रहे हैं।