Responsive Menu
Add more content here...

चाकुलिया में पंचायत समिति की मासिक बैठक, योजनाओं की समीक्षा के साथ उठे जनसमस्याओं के मुद्दे

Spread the love

चाकुलिया, झारखंड (26 जून 2025): चाकुलिया प्रखंड सभागार में गुरुवार को पंचायत समिति सदस्यों की मासिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख भुवनेश्वर करुणामय ने की, जिसमें प्रखंड क्षेत्र में चल रही विभिन्न सरकारी योजनाओं की समीक्षा की गई।

प्रमुख करुणामय ने ग्रामीण सड़कों की दुर्दशा को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़कों को जगह-जगह से काटा गया है, जिससे न सिर्फ सड़कों की स्थिति खराब हुई है बल्कि कृषि योग्य रैयती जमीन भी क्षतिग्रस्त हो चुकी है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द मरम्मत नहीं की गई, तो बरसात में ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।

बैठक में शिक्षा विभाग को लेकर भी गंभीर मुद्दे उठाए गए। आरोप लगाया गया कि स्कूली बच्चों की किताबें और कॉपियां कबाड़ में बेची जा रही हैं। इस पर प्रखंड संसाधन केंद्र के प्रतिनिधि से वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 के दौरान प्राप्त और वितरित शैक्षणिक सामग्री का विस्तृत ब्योरा मांगा गया।

पेयजल संकट का मामला भी बैठक में छाया रहा। सरडीहा पंचायत के सांपधरा समेत प्रखंड के कई गांवों में खराब पड़े सोलर जलमीनारों के कारण ग्रामीणों को भारी पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। इस पर पीएचईडी के कनीय अभियंता भागीरथ प्रसाद ने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

बैठक में बीडीओ आरती मुंडा, जिला पार्षद धारित्री महतो, पशुपालन पदाधिकारी डॉ. मनोज कुमार महंता, कृषि पदाधिकारी शिवानंद घटवारी, एमओ राकेश कुमार सिंह समेत विभिन्न पंचायतों के समिति सदस्य मौजूद थे। बैठक में उठे मुद्दों के समाधान के लिए संबंधित विभागों को कार्रवाई का निर्देश दिया गया।