बहरागोड़ा संवाददाता (निलेश बेरा) :
बहरागोड़ा प्रखंड के गुहियापाल पंचायत में पेयजल पाइपलाइन बिछाने के बाद मुख्य सड़क की हालत बेहद खराब हो गई है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की खुदाई के बाद मरम्मत का कार्य अधूरा छोड़ दिया गया, जिससे अब सड़क पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है।
बताया गया कि हाल ही में पेयजल आपूर्ति के लिए पाइपलाइन बिछाने का काम किया गया था। इस दौरान एनएच से गुहियापाल को जोड़ने वाली मुख्य सड़क को काटा गया। लेकिन कार्य पूरा होने के बाद सड़क को पहले जैसी स्थिति में लाने की कोई गंभीर कोशिश नहीं की गई। इससे अब सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है, खासकर बारिश के मौसम में कीचड़ और गड्ढों के कारण दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
खेतों में भी मिट्टी दबने से किसान परेशान
ग्रामीणों ने यह भी शिकायत की है कि पाइपलाइन खेतों के नीचे से भी गुजारी गई है, जिससे खेतों में मिट्टी दब गई है और खेती करने में काफी मुश्किलें आ रही हैं। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान भी झेलना पड़ रहा है।
अधिकारी से संपर्क नहीं हो रहा
ग्रामीणों के अनुसार, पाइपलाइन कार्य के दौरान संबंधित अधिकारी सुजीत कुमार ने आश्वासन दिया था कि अगर पाइपलाइन के कारण किसी को कोई समस्या हो तो उन्हें फोन करके सूचित किया जाए। लेकिन अब जब सड़क की हालत बदतर हो गई है और खेतों में दिक्कतें हो रही हैं, तब अधिकारी फोन रिसीव नहीं कर रहे हैं। इससे ग्रामीणों में रोष है।
मरम्मत की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क की शीघ्र मरम्मत कराई जाए और खेतों की स्थिति को भी दुरुस्त किया जाए, ताकि आवागमन और खेती में हो रही दिक्कतों से राहत मिल सके।