बहरागोड़ा। संवाददाता
बहरागोड़ा भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के कद्दावर नेता, पूर्व जिला कमेटी सचिव मंडल सदस्य और बहरागोड़ा लोकल कमेटी के सचिव दिवंगत चितरंजन महतो की याद में मंगलवार को बहरागोड़ा स्थित नेताजी शिशु उद्यान परिसर में एक भावपूर्ण स्मरण सभा का आयोजन किया गया। विद्यासागर मंडी की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने नम आंखों से अपने प्रिय साथी को याद किया गया। सभा की शुरुआत दिवंगत नेता के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित करने के साथ हुई। श्रद्धांजलि देने वालों में मुख्य रूप से जिला कमेटी सचिव के.पी. सिंह मुण्डा,राज्य कमेटी सदस्य स्वपन कुमार महतो व महिला समिति जिला सेक्रेटरी पानमोणि माझी उपस्थित रहे। वहीं पार्टी के राज्य कमेटी सदस्य स्वपन कुमार महतो ने चितरंजन महतो के संघर्षपूर्ण जीवन और उनके व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जाना पार्टी के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा:
चितरंजन महतो एक मृदुभाषी, मिलनसार और पार्टी के सच्चे सेवक थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन आम जनता की समस्याओं को सुलझाने और संगठन को मजबूती प्रदान करने में समर्पित कर दिया।
कार्यकर्ताओं का उमड़ा हुजूम:-
इस मौके पर बहरागोड़ा और आसपास के क्षेत्रों से पार्टी के कई वरीय कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित थे। वक्ताओं ने उनके बताए रास्तों पर चलने और उनके अधूरे कार्यों को पूरा करने का संकल्प लिया। सभा के अंत में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की गई। इस मौके पर वरिष्ठ कम्युनिस्ट नेता रवींद्रनाथ दास, मिलन प्रकाश वाला, सी पी आई के अंचल सचिव राम हरि बेरा, विमान बनर्जी, दुर्गा माझी, कन्हाई मुंडा, तपन नायेक, तपन विशाल , अर्जुन मुर्मू, रेवती मुंडा, अलादी पाईकिरा, तारकेश्वर घोष , बसंती नायेक आदि उपस्थित थे।