चाईबासा, 25 जून 2025: भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने आज कोल्हान विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. अंजिला गुप्ता से चाईबासा स्थित उनके कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने डिग्री कॉलेजों में इंटरमीडिएट की पढ़ाई बंद किए जाने से उत्पन्न कठिनाइयों को लेकर विस्तार से चर्चा की।
डॉ. गोस्वामी ने कुलपति को बताया कि डिग्री कॉलेजों में इंटर की पढ़ाई बंद हो जाने से इंटर द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्राओं का भविष्य अधर में लटक सकता है। उन्होंने कहा कि झारखंड में लगभग 4 लाख मैट्रिक पास छात्र-छात्राएं आगे की पढ़ाई के लिए विद्यालयों की ओर रुख करेंगे, लेकिन अधिकांश विद्यालयों में न तो पर्याप्त शिक्षक हैं और न ही बुनियादी ढांचे की सुविधा।
उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर ज़ोर दिया कि कॉलेजों में इंटर की पढ़ाई करने वाले अधिकतर विद्यार्थी आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से आते हैं। ऐसे में उनके लिए वैकल्पिक व्यवस्था किए बिना इंटर की पढ़ाई बंद करना गंभीर सामाजिक और शैक्षणिक संकट पैदा करेगा।
डॉ. गोस्वामी ने कुलपति से आग्रह किया कि वे सरकार से बातचीत कर यह सुनिश्चित करें कि अस्थायी रूप से एक वर्ष तक डिग्री कॉलेजों में इंटर की पढ़ाई जारी रखी जाए, जब तक कि विद्यालय स्तर पर पूर्ण व्यवस्था – जैसे कि शिक्षक नियुक्ति और आधारभूत ढांचे का विकास – नहीं हो जाता।
उन्होंने कहा कि यह कदम राज्य के विद्यार्थियों के भविष्य की सुरक्षा के लिए आवश्यक है और सरकार को इस दिशा में त्वरित कदम उठाना चाहिए।