Responsive Menu
Add more content here...

वर्षों का इंतजार खत्म: बहरागोड़ा में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय का शुभारंभ

Spread the love

बहरागोड़ा, संवाददाता। (एन बेरा)
बहरागोड़ा प्रखंड के पूर्णापानी पंचायत अंतर्गत बूढ़ीपुखर मौजा स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय का मंगलवार को भव्य उद्घाटन किया गया। लंबे समय से प्रतीक्षित इस विद्यालय के शुभारंभ से स्थानीय ग्रामीणों में हर्ष का माहौल है।

मुख्य अतिथि के रूप में बहरागोड़ा विधायक समीर कुमार महंती पहुंचे और फीता काटकर विद्यालय का उद्घाटन किया। विशिष्ट अतिथि के तौर पर सांसद प्रतिनिधि कुमार गौरव पुष्टि मौजूद रहे। समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई, जिसमें विधायक महंती के साथ जिले व प्रखंड के कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर सभी मेहमानों का अभिनंदन किया। मंच पर जिला कल्याण पदाधिकारी शंकराचार्य सामंत, बिस सूत्री अध्यक्ष असित कुमार मिश्रा, प्रखंड विकास पदाधिकारी केशव भारती, अंचलाधिकारी राजाराम सिंह मुंडा, प्रखंड उप प्रमुख मुन्ना होता, प्रिंसिपल इंचार्ज सुनीता हांसदा, ग्राम प्रधान शांतनु मुर्मू, मुखिया पानसरी हांसदा, विधान चंद्र मंडी, पापु राउत और रासबिहारी साहू समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि विद्यालय के संचालन से सुदूरवर्ती क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर मिलेगा। वर्तमान में यहां 151 विद्यार्थियों का नामांकन हो चुका है और आने वाले सत्रों में यह संख्या और बढ़ेगी।

स्थानीय ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए कहा कि यह विद्यालय वर्षों पहले तैयार हो गया था, लेकिन अब जाकर पढ़ाई शुरू होने से क्षेत्र के गरीब और पिछड़े तबके के बच्चों का भविष्य संवर सकेगा।

उद्घाटन कार्यक्रम में मुखिया सोमाय हांसदा, राधि मुर्मू, राम मुर्मू सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ज्योति हेम्ब्रम, आरती रानी, ऋत्विका उपाध्याय, ऋत्विका मुखर्जी, हरिप्रसाद सोरेन, कादे मार्डी, हेमंत कुमार हांसदा और भानू प्रताप भी शामिल रहे।