जमशेदपुर, 08 अक्टूबर 2025 | अबुआ खबर डेस्क
जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र के खारंगझार इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई जब चर्चित मोबाइल दुकानदार रॉनी का शव छोटाबांकी डैम के पास मैदान में बरामद किया गया। मृतक की पहचान स्थानीय निवासी रॉनी के रूप में हुई है, जो खारंगझार बाजार में मोबाइल की दुकान चलाता था और इलाके में काफी जाना-पहचाना था।

घटनास्थल से रॉनी की स्कूटी भी बरामद हुई है। पुलिस जांच के दौरान उसकी जेब से सल्फास की गोली मिलने की जानकारी दी गई है, जिससे आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, कई स्थानीय लोग इस घटना को संदेहास्पद मान रहे हैं और हत्या की आशंका भी व्यक्त कर रहे हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, रॉनी के मोबाइल में उसका आखिरी व्हाट्सएप स्टेटस “अलविदा” लिखा मिला, जिससे मामला और रहस्यमय हो गया है।
सूत्र बताते हैं कि रॉनी के परिवार में कुछ समय से तनाव चल रहा था। बताया गया कि उसका एक बच्चा बेड कॉलेज क्षेत्र में रहता है। फिलहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच आत्महत्या एवं हत्या दोनों पहलुओं से शुरू कर दी है।
घटना की खबर फैलते ही इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
📍 मुख्य बिंदु:
टेल्को खारंगझार के मोबाइल दुकानदार रॉनी की संदिग्ध मौत
छोटाबांकी डैम के पास मैदान में मिला शव
जेब से मिली सल्फास की गोली, आत्महत्या की आशंका
व्हाट्सएप स्टेटस पर लिखा था “अलविदा”
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच जारी