Responsive Menu
Add more content here...

जमशेदपुर में लगातार बारिश से जलजमाव, स्वर्णरेखा और खरकाई नदी खतरे के निशान से ऊपर

Spread the love

जमशेदपुर: झारखंड के जमशेदपुर में लगातार हो रही तेज़ बारिश से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। शहर से होकर बहने वाली स्वर्णरेखा और खरकाई नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर चला गया है। जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

पूर्वी सिंहभूम के डीसी ने जिले के वीडियो (BDO) और अन्य अधिकारियों को अलर्ट पर रखा है, जबकि मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

NH-33 पर जलजमाव और नालों की समस्या

एनएच-33 के किनारे बने नालों की समय पर सफाई नहीं किए जाने की वजह से अब नालों का पानी सड़क पर बह रहा है। इससे मुख्य मार्ग पर भारी जलजमाव हो गया है। मानगो नगर निगम की टीम लगातार क्षेत्र का दौरा कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि पानी किस दिशा से घरों में प्रवेश कर रहा है।

नगर निगम के अपर आयुक्त कृष्ण कुमार नगर ने बताया कि टीम क्षेत्र का निरीक्षण कर रही है। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि एनएच-33 से सटे नाले जाम हो चुके हैं। इसी कारण नाले का पानी सड़कों और कॉलोनियों में घुस रहा है।

एनएच विभाग को तलब, जल्द होगी नालों की सफाई

नगर निगम की ओर से एनएच विभाग के अधिकारियों को बैठक में बुलाया गया है ताकि नालों की जल्द सफाई करवाई जा सके और पानी के बहाव को सही दिशा दी जा सके। प्रशासन का कहना है कि जलजमाव की स्थिति को तत्काल नियंत्रित किया जाएगा और पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए योजना बनाई जा रही है।