Responsive Menu
Add more content here...

जमशेदपुर में 14 नवंबर से शुरू होगा चतुर्थ बाल मेला — वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर करेंगे उद्घाटन

Spread the love

राज्यपाल संतोष गंगवार करेंगे स्मारिका का विमोचन, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा होंगे समापन के मुख्य अतिथि

जमशेदपुर | संवाददाता (सुमित झा)

जमशेदपुर में 14 नवंबर से बाल सशक्तिकरण, शिक्षा और रचनात्मकता को समर्पित चतुर्थ बाल मेला का शुभारंभ होने जा रहा है। इस वर्ष का आयोजन कई विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में और भी खास बनने वाला है।

कार्यक्रम का उद्घाटन प्रदेश के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर करेंगे, जबकि टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट) डी.बी. सुंदरारामम विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। उद्घाटन समारोह का आयोजन 14 नवंबर को अपराह्न 4:30 बजे किया जाएगा।

कार्यक्रम की जानकारी गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में चतुर्थ बाल मेला के संरक्षक और जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने दी। उन्होंने बताया कि मेला के दौरान कई सांस्कृतिक, शैक्षणिक और जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनका उद्देश्य बच्चों में सृजनात्मकता और सामाजिक मूल्यों को बढ़ावा देना है।

मेला परिसर में 16 नवंबर (रविवार) को “बाल संरक्षण” विषय पर एक विशेष संगोष्ठी भी आयोजित की जाएगी, जो अपराह्न 4 से 6 बजे तक चलेगी।

आयोजन के दौरान 19 नवंबर को प्रदेश के राज्यपाल संतोष गंगवार बाल मेला का दौरा करेंगे और इस अवसर पर तैयार की गई स्मारिका का विमोचन करेंगे। वहीं 20 नवंबर को होने वाले समापन समारोह में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

विधायक सरयू राय ने कहा कि बाल मेला न केवल बच्चों की प्रतिभा को मंच प्रदान करता है, बल्कि समाज को बाल अधिकारों और शिक्षा के प्रति जागरूक करने का भी महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है।