गृह मंत्री के आवास पर हाई-लेवल मीटिंग, NSA अजित डोभाल और शीर्ष सुरक्षा अधिकारी रहे मौजूद
नई दिल्ली | अबुआ खबर डेस्क
दिल्ली में सोमवार को हुए ब्लास्ट के बाद केंद्र सरकार एक्शन मोड में आ गई है। घटना के बाद पूरे देश की सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि इस हमले के दोषियों को ऐसी सजा दी जाएगी जिसे पूरी दुनिया देखेगी।
गृह मंत्री के आवास पर गुरुवार की शाम एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजित डोभाल, आईबी (इंटेलिजेंस ब्यूरो) प्रमुख, और अन्य वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में जांच की प्रगति और सुरक्षा एजेंसियों की रिपोर्ट पर विस्तार से चर्चा की गई।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में दिल्ली पुलिस और एनआईए (राष्ट्रीय जांच एजेंसी) को जांच में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, इस बात पर भी जोर दिया गया कि देश की राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत की जाए ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
गृह मंत्रालय के सूत्रों ने बताया कि मामले में अब तक कई सुराग मिले हैं और जांच एजेंसियां घटना के पीछे की साजिश और नेटवर्क को उजागर करने में जुटी हैं। सीसीटीवी फुटेज, वाहन के अवशेष और संदिग्धों की गतिविधियों की गहन जांच की जा रही है।
अमित शाह ने कहा कि “इस तरह की घटनाएं देश की सुरक्षा और एकता पर सीधा प्रहार हैं। दोषियों को ऐसी कड़ी सजा मिलेगी कि यह दूसरों के लिए नजीर बनेगी।”