जमशेदपुर: शहर में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैली चर्चाओं के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि जमशेदपुर में ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। प्रशासन ने बताया कि सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल और डीजल उपलब्ध है।
इस संबंध में उपायुक्त ने शहर के पेट्रोल पंप संचालकों के साथ बैठक कर सप्लाई और स्टॉक की समीक्षा की। बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं है और नियमित रूप से आपूर्ति जारी है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर विश्वास न करें और जरूरत से अधिक पेट्रोल-डीजल की खरीदारी से बचें। अधिकारियों ने कहा कि पैनिक की स्थिति पैदा करने की आवश्यकता नहीं है क्योंकि सभी पंपों पर सामान्य तरीके से ईंधन मिल रहा है।
जिला प्रशासन ने जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों को भी चेतावनी दी है। प्रशासन का कहना है कि यदि कोई व्यक्ति पेट्रोल या डीजल की अवैध तरीके से खरीद-बिक्री करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि शहर में ईंधन आपूर्ति पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।