Responsive Menu
Add more content here...

जमशेदपुर में युवक की मौत के बाद बवाल, मानगो में सड़क जाम कर लोगों ने किया प्रदर्शन

Spread the love

जमशेदपुर: मानगो निवासी मोहम्मद मुमताज की इलाज के दौरान मौत के बाद शुक्रवार शाम शहर के चेपापुल इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। रांची रिम्स से शव के जमशेदपुर पहुंचते ही परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोगों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।

जानकारी के अनुसार, सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भालूबासा इलाके में कुछ दिन पहले मोहम्मद मुमताज पर हमला किया गया था। हमले में उनके सिर पर भारी वस्तु और धारदार हथियार से वार किए गए थे, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

घटना के बाद उन्हें पहले टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में भर्ती कराया गया था। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स भेज दिया, जहां शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

शव के जमशेदपुर पहुंचते ही चेपापुल इलाके में लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन में महिलाएं भी बड़ी संख्या में शामिल रहीं। लोगों ने आरोप लगाया कि मामले को लेकर पहले भी पुलिस प्रशासन को जानकारी दी गई थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं की गई।

प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। हालांकि देर रात तक इलाके में तनाव का माहौल बना रहा।

स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है और पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है।