जमशेदपुर।
शहर पुलिस ने शुक्रवार को अपराध पर बड़ी कार्रवाई करते हुए टेल्को थाना क्षेत्र से कुख्यात अपराधी मोहम्मद साहिल को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके पास से 12 बोर का देशी कट्टा और एक धारदार चापड़ बरामद किया।
मोहम्मद साहिल लंबे समय से गोलमुरी और कपाली क्षेत्र में आपराधिक घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। बताया जाता है कि उसने दो जिलों में कई लूटपाट और आपराधिक वारदातें की हैं। वह अक्सर हथियार और चाकू का भय दिखाकर लोगों से लूट करता था।
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने जानकारी दी कि जमशेदपुर पुलिस अब तक कुल 80 अवैध हथियार बरामद कर चुकी है। उन्होंने कहा कि शहर में अपराधियों और अवैध हथियारों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। पुलिस का लक्ष्य है कि असामाजिक तत्वों को जल्द से जल्द जेल भेजकर आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।