जमशेदपुर।
गोलमुरी थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात हुई महिलाओं से पर्स छिनतई की दो घटनाओं का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। आरोपी स्कूटी सवार युवक ने महज 15 मिनट के अंदर दो महिलाओं को निशाना बनाया और उनके कंधे से टंगे पर्स छीनकर फरार हो गया। त्वरित कार्रवाई करते हुए गोलमुरी थाना पुलिस ने सिदगोड़ा थाना की टीम की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
बुधवार को एसएसपी ऑफिस सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने पूरे मामले की जानकारी दी।
15 मिनट में दो वारदात
पहली घटना रात करीब 8:15 बजे की है। पिपला निवासी निधिराम महतो अपनी पत्नी रूपाली महतो के साथ साकची से घर लौट रहे थे। एनएमएल फ्लैट गेट के पास स्कूटी सवार युवक ने पीछे से आकर रूपाली महतो का पर्स झपट लिया। इस संबंध में गोलमुरी थाना कांड संख्या 136/25 दर्ज हुआ।
करीब 15 मिनट बाद दूसरी वारदात हुई। बिरसानगर निवासी कोमल कुमारी, जो बिष्टुपुर से घर लौट रही थीं, गोलमुरी चर्च के पास पहुंचीं। तभी वही स्कूटी सवार युवक उनके पास आया और उनका पर्स छीनकर फरार हो गया। इस मामले में थाना कांड संख्या 137/25 दर्ज किया गया।
आरोपी स्कूटी समेत गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना प्रभारी संजय सुमन और सिदगोड़ा थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने अभियान चलाया। टीम ने आरोपी शुभम कुमार (पिता – शिव शंकर राय, निवासी – विद्यापतिनगर) को लाल रंग की डुएट स्कूटी (नंबर JH05BX-2164) समेत गिरफ्तार कर लिया।
बरामद सामान
पुलिस ने आरोपी के पास से दोनों महिलाओं के पर्स समेत कई सामान बरामद किए। इनमें शामिल हैं—
दो गुलाबी रंग के लेडीज़ बैग
एक वीवो मोबाइल फोन
दो जोड़ी सफेद बाला
एक पेन ड्राइव
नकद 2,750 रुपये
नीला हेलमेट
तीन डेबिट कार्ड, एक क्रेडिट कार्ड
महिला मेकअप का सामान
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
पुलिस टीम में गोलमुरी थाना प्रभारी संजय सुमन, सिदगोड़ा थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार, उप निरीक्षक विकास कुमार, गौरव सिंह, सुभाष रजक, रफीक आलम और थाना बल शामिल थे। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और संभावना है कि अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है।