जमशेदपुर: सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात रंगदारी के एक मामले को लेकर पुलिस और अपराधियों के बीच जोरदार मुठभेड़ हुई। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई उस समय हुई जब पुलिस गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करने पहुंची थी।
सूत्रों के अनुसार, जमशेदपुर के प्रसिद्ध व्यापारी हरे राम सिंह से रंगदारी मांगे जाने के मामले में पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान जब पुलिस टीम सिदगोड़ा इलाके में पहुंची, तो आरोपी गोपाल ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चलीं।
मुठभेड़ के दौरान आरोपी गोपाल के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से एक देशी कट्टा और कई जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही सिटी एसपी कुमार शिवाशीष, डीएसपी, और थाना प्रभारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि व्यापारी से रंगदारी की मांग ‘प्रिंस खान’ गैंग के नाम पर की गई थी। इस मामले में पुलिस ने कुछ दिन पहले दशरथ शुक्ला नामक आरोपी को भी गिरफ्तार किया था, जिस पर पाकिस्तान से अवैध हथियार मंगाने का आरोप है।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस अब फरार अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि पुलिस टीम की तत्परता से एक बड़ा अपराध टल गया है। उन्होंने कहा कि बाकी फरार अपराधियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।