Responsive Menu
Add more content here...

जवाहर नवोदय विद्यालय में टाटा टेक्निकल इंस्टिट्यूट की तकनीकी कार्यशाला, छात्रों को मिला प्रशिक्षण प्रमाण पत्र

Spread the love

बहरागोड़ा | संवाददाता
बहरागोड़ा प्रखंड के बालिकुड़िया स्थित पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय में शनिवार को टाटा टेक्निकल इंस्टिट्यूट की ओर से एक तकनीकी कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान कर प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
कार्यशाला के अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य जनार्दन सिंह ने बताया कि टाटा मोटर्स द्वारा नवोदय विद्यालय समिति के सहयोग से देशभर के जवाहर नवोदय विद्यालयों में ऑटोमोटिव स्किल लैब स्थापित की गई हैं। इन लैब्स के माध्यम से कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्रों को ऑटोमोटिव सेक्टर से जुड़ा व्यावहारिक और तकनीकी कौशल सिखाया जा रहा है, जिससे वे भविष्य में रोजगार के लिए तैयार हो सकें।
उन्होंने बताया कि यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत कौशल विकास पर केंद्रित है, जिसके माध्यम से हर वर्ष 4,000 से अधिक छात्रों को प्रशिक्षित किया जाता है, जिनमें लगभग 30 प्रतिशत छात्राएं शामिल हैं। छात्रों को इलेक्ट्रिक वाहन सहित आधुनिक ऑटोमोटिव तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाता है।
कार्यशाला में यह भी जानकारी दी गई कि कोर्स पूरा करने के बाद छात्र डिप्लोमा इन मेकाट्रॉनिक्स कर सकते हैं, जिसे टाटा मोटर्स द्वारा वित्त पोषित किया जाता है। इसके साथ ही टाटा मोटर्स के प्लांट में ऑन-जॉब ट्रेनिंग और स्टाइपेंड की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है।
यह कार्यक्रम झारखंड सहित महाराष्ट्र, कर्नाटक, गुजरात, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के जवाहर नवोदय विद्यालयों में संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम में प्रवीण कुमार, सुजाता महंता, कृष्णा विश्वास, प्रिया प्रियदर्शनी, स्वीटी शामल, सीमा कुमारी सहित अन्य शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।