Responsive Menu
Add more content here...

जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र का उपायुक्त ने किया व्यापक निरीक्षण, नागरिक सुविधाओं में सुधार के दिए निर्देश

Spread the love

जमशेदपुर, 31 जुलाई 2025: उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र का औचक निरीक्षण कर विभिन्न सार्वजनिक सुविधाओं की समीक्षा की और बेहतर सेवाओं के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। इस दौरान नगर परिषद कार्यालय, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, डंप यार्ड, नगर परिषद पार्क और आयुष्मान आरोग्य मंदिर का स्थलीय निरीक्षण किया गया।

नगर परिषद कार्यालय में उपायुक्त ने सफाई व्यवस्था, कर्मचारियों की तैनाती, फाइलों के रखरखाव और नागरिक सेवाओं के निष्पादन की प्रक्रिया पर खास ध्यान दिया। उन्होंने कार्यालय व्यवस्थाओं को और अधिक व्यवस्थित करने के निर्देश दिए, ताकि जनता को त्वरित और सुगम सेवाएं उपलब्ध हो सकें। साथ ही, कार्यालय भवन के ऊपरी तल पर बने मार्केट प्लेस में संचालित दुकानों के शीघ्र आवंटन के लिए कार्यपालक पदाधिकारी संदीप पासवान को निर्देशित किया गया।

नगर परिषद पार्क का निरीक्षण करते हुए उपायुक्त ने साफ-सफाई, रखरखाव और सौंदर्यीकरण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने जुस्को प्रबंधन से सहयोग कर दिन के समय में भी पार्क में बिजली की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, क्योंकि वर्तमान में विद्युत सुविधा केवल शाम के बाद उपलब्ध है।

डंप यार्ड में कचरा प्रबंधन की स्थिति का जायजा लेते हुए उपायुक्त ने कूड़ा निस्तारण में लापरवाही न बरतने और नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का भी निरीक्षण किया गया, जहां उपायुक्त ने नगर परिषद को संयंत्र हस्तांतरित करने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए, जिससे स्थानीय स्तर पर पेयजल आपूर्ति में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाई जा सके।

आयुष्मान आरोग्य मंदिर में उपलब्ध दवाओं के भंडारण, चिकित्सा कर्मचारियों की उपस्थिति और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को कहा कि निरीक्षण के दौरान पाए गए सभी मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई करें ताकि जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर नागरिक सेवाएं, प्रभावी चिकित्सा सुविधा और अन्य बुनियादी आवश्यकताएं सुगमता से मिल सकें।