Responsive Menu
Add more content here...

28 जुलाई को झारखंड आएंगे केंद्रीय गृह सचिव, नशा और अवैध मादक पदार्थों पर फोकस

Spread the love

डीजीपी अनुराग गुप्ता ने उच्चस्तरीय बैठक बुलाई, 23 जुलाई को मुख्य सचिव करेंगी समग्र समीक्षा

रांची, झारखंड:
राज्य में नशे के बढ़ते दुरुपयोग और अवैध मादक पदार्थों के व्यापार पर नियंत्रण को लेकर केंद्र सरकार गंभीर हो गई है। इसी कड़ी में केंद्रीय गृह सचिव 28 जुलाई को झारखंड दौरे पर आ रहे हैं। यह दौरा राज्य के कानून व्यवस्था और नशे के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई की समीक्षा को लेकर बेहद अहम माना जा रहा है।

दौरे की तैयारियों को लेकर राज्य के डीजीपी अनुराग गुप्ता ने 22 जुलाई को एक उच्चस्तरीय बैठक बुलाई है, जिसमें स्पेशल ब्रांच, मानवाधिकार प्रकोष्ठ, सीआईडी, डीआईजी जैप, विधि विज्ञान प्रयोगशाला, एटीएस समेत अन्य एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी भाग लेंगे। इस बैठक में दौरे को लेकर सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की जाएगी।

वहीं 23 जुलाई को राज्य की मुख्य सचिव दौरे की समग्र तैयारियों की समीक्षा करेंगी। इस बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे, जो व्यवस्था को अंतिम रूप देंगे।

गौरतलब है कि इससे पहले अप्रैल माह में भी गृह सचिव का दौरा प्रस्तावित था, लेकिन किन्हीं कारणों से रद्द हो गया था। इस बार वे राजधानी रांची में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर जिला स्तर पर नशे के खिलाफ हुई कार्रवाई, अवैध मादक पदार्थों के व्यापार पर रोकथाम, और भविष्य की रणनीति पर चर्चा करेंगे।

राज्य के लिए यह दौरा सुरक्षा और प्रशासनिक दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि नशे के कारोबार से जुड़े गिरोहों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए केंद्र और राज्य मिलकर ठोस कार्ययोजना पर काम करने जा रहे हैं।