लक्ष्मण नायक बोले — हेमंत सरकार महिलाओं के साथ कर रही है भेदभाव
धालभूमगढ़/घाटशिला, संवाददाता।
घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा ने जनसंपर्क अभियान को और गति दे दी है। शनिवार को गोमिया के पूर्व विधायक प्रत्याशी लक्ष्मण नायक ने भाजपा उम्मीदवार बाबूलाल सोरेन के समर्थन में धालभूमगढ़ प्रखंड के विभिन्न बूथों का दौरा कर जनसंपर्क किया।
श्री नायक ने जुनबनी पंचायत अंतर्गत जुनबनी, बगुला, रघुनाथडीह, डोभा और हरिनधुकड़ी गांवों में घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क साधा। उन्होंने लोगों से क्रम संख्या 1 — कमल निशान पर बटन दबाकर भाजपा प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता और समर्थक अभियान में शामिल हुए।
जनसभा को संबोधित करते हुए लक्ष्मण नायक ने कहा कि झारखंड की मौजूदा सरकार महिलाओं के साथ भेदभाव कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की माइया सम्मान योजना से लाखों महिलाओं के नाम हटाए जा रहे हैं, जो महिलाओं के साथ अन्याय है।
उन्होंने कहा —
“हेमंत सरकार की नीतियाँ महिलाओं के साथ भेदभावपूर्ण हैं। घाटशिला की महिलाएँ इसका जवाब अपने वोट से देंगी।”
उन्होंने आगे कहा कि राज्य में युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है और बेरोजगारी बढ़ रही है। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” के सिद्धांत पर आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम के दौरान कनक कुमार प्रजापति, प्रशांत महतो, सुधांशु मुन्ना, नीतीश चंद्र महतो, नंदन मन्ना, सुधीर मंडल, विश्वनाथ टुडु, राजीव टुडु, सोहन मुंडा, शिशुपाल मुंडा, उमा मंडल, सुशांति मुंडा, चंपारानी मेहता, पानो टुडु, लालटू मंडल, कृष्णा नमाता सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।