चाकुलिया (संवाददाता रोहन सिंह): चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के नया बाजार स्थित राम मंदिर के पास शनिवार को दो बाइक के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में बेंद गांव निवासी तोतन खामराई (40) और भातकुंडा पंचायत के दक्षिणासोल गांव निवासी बबलू मुंडा (19) गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजवाया। वहां मौजूद डॉक्टर संपा मन्ना घोष ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर देखते हुए झाड़ग्राम (प. बंगाल) रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार, तोतन खामराई अपनी बाइक से लोधाशोली पंचायत के उदाल गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे, जबकि बबलू मुंडा मौरबेड़ा स्थित अपनी बहन के घर से दक्षिणासोल लौट रहे थे। इसी दौरान राम मंदिर के पास दोनों की बाइक की जोरदार टक्कर हो गई, जिससे वे सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए।
घटना के बाद दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को पुलिस ने जब्त कर लिया है। वहीं, स्थानीय लोगों ने सड़क पर सावधानी बरतने की अपील की है।