चाकुलिया, संवाददाता (रोहन सिंह)
चाकुलिया-मटिहाना मुख्य सड़क पर लोधासोली गांव के पास गुरुवार शाम हुए सड़क हादसे में उदाल गांव निवासी कालो मुर्मू गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना एक मोटरसाइकिल और छोटा हाथी वाहन की आमने-सामने की टक्कर से हुई।
जानकारी के अनुसार, कालो मुर्मू अपनी पत्नी सोमवारी मुर्मू के साथ ससुराल तलपाल जा रहे थे। इसी दौरान लोधासोली गांव के पास सामने से आ रहे छोटे हाथी वाहन से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में कालो मुर्मू का पैर टूट गया जबकि उनकी पत्नी को मामूली चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत 108 एंबुलेंस बुलाकर घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया गया। वहां मौजूद चिकित्सक डॉ. संपा मन्ना घोष ने प्राथमिक उपचार किया। लेकिन कालो मुर्मू की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम रेफर कर दिया गया।
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने चाकुलिया-मटिहाना रोड पर वाहनों की तेज रफ्तार और सुरक्षा की कमी पर चिंता जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन को ठोस कदम उठाने की जरूरत है।