Responsive Menu
Add more content here...

चाकुलिया: केएनजे विद्यालय मैदान में दुर्गा पूजा आयोजन पर विवाद, मामला पहुंचा डीसी तक

Spread the love

चाकुलिया, संवाददाता (रोहन सिंह) ।
चाकुलिया के केदारनाथ झुनझुनवाला उच्च विद्यालय मैदान में दुर्गा पूजा आयोजन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। नवगठित सनातनी युवा मंच दुर्गा पूजा समिति मैदान में पूजा आयोजित करने की तैयारी में जुटी है, लेकिन विद्यालय प्रबंधन ने परिसर में पूजा की अनुमति देने से साफ इनकार कर दिया है। मामला अब जिला उपायुक्त (डीसी) तक पहुंच गया है।

जानकारी के अनुसार, समिति के सदस्यों ने विद्यालय प्रबंधन के नकारात्मक रवैये के खिलाफ विधायक समीर मोहंती से शिकायत की। विधायक ने इस मुद्दे पर डीसी से बात की, जिसके बाद डीसी ने घाटशिला एसडीओ और चाकुलिया सीओ को जांच कर समाधान निकालने का निर्देश दिया। गुरुवार को चाकुलिया सीओ नवीन पुरती ने दोनों पक्षों की बैठक बुलाई, जिसमें पूजा समिति के प्रतिनिधि तो पहुंचे, लेकिन विद्यालय की ओर से कोई मौजूद नहीं रहा। प्रभारी प्रधानाध्यापिका नीतू हेंब्रम के आने की उम्मीद थी, पर वे बैठक में शामिल नहीं हुईं।

विद्यालय प्रबंधन का तर्क है कि मैदान में पंडाल बनने से नियमित पढ़ाई, खेलकूद और शैक्षणिक गतिविधियां बाधित होंगी। साथ ही, अगर यहां दुर्गा पूजा की अनुमति दी जाती है, तो अन्य धर्म और संगठन भी अपने कार्यक्रमों के लिए विद्यालय परिसर का उपयोग करने लगेंगे।

वहीं, समिति के लोगों का कहना है कि पहले भी विद्यालय परिसर में लक्ष्य महोत्सव, रक्तदान शिविर और कई सांस्कृतिक व सामाजिक कार्यक्रम आयोजित होते रहे हैं। ऐसे में दुर्गा पूजा की अनुमति न देना अनुचित है। उनका तर्क है कि पूजा के समय विद्यालय में छुट्टियां रहती हैं, इसलिए छात्रों की पढ़ाई पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

इस विवाद ने अब प्रशासन को भी सक्रिय कर दिया है और स्थानीय लोगों की निगाहें डीसी और एसडीओ के फैसले पर टिकी हैं।