बाहड़ागोड़ा, संवाददाता (निलेश बेरा)
पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनचेतना को बढ़ावा देने हेतु मैत्री संगठन द्वारा पीपल एवं बरगद जैसे पारंपरिक एवं सांस्कृतिक महत्व वाले वृक्षों के संरक्षण हेतु एक विशेष जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई है। इस पहल को समाज के विभिन्न वर्गों से उत्साहजनक समर्थन प्राप्त हो रहा है।
संगठन के सह-संस्थापक श्री संदीप शाऊ ने सोशल मीडिया के माध्यम से भावुक अपील करते हुए आमजन से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की विनती की। उन्होंने कहा, “हम सभी का यह सामूहिक उत्तरदायित्व है कि पीपल और बरगद जैसे जीवनदायी वृक्षों की रक्षा करें, जहाँ कहीं भी ये वृक्ष मौजूद हैं, वहाँ इनकी देखभाल व संरक्षण सुनिश्चित करें।”
मैत्री संगठन ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि यदि किसी क्षेत्र में ऐसे वृक्ष हैं जो उपेक्षा के शिकार हैं या कटने के खतरे में हैं, तो इसकी सूचना संगठन को तुरंत दी जाए। संगठन समय पर आवश्यक कदम उठाकर उनके संरक्षण का कार्य करेगा।
संस्था का मानना है कि पीपल और बरगद न केवल अधिकतम मात्रा में ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि ये भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्थाओं एवं पारिस्थितिक संतुलन के भी आधार स्तंभ हैं। इनके संरक्षण से भावी पीढ़ियों को स्वच्छ पर्यावरण एवं हरित भविष्य की सौगात मिलेगी।
यदि किसी नागरिक के पास ऐसे वृक्ष हैं जिन्हें स्थानांतरित या संरक्षित करने की आवश्यकता है, तो वे मैत्री संगठन के कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
📞 संपर्क करें: 6289444507
🙏 आइए, मिलकर अपने प्राकृतिक धरोहरों की रक्षा करें।
– संदीप शाऊ
सह-संस्थापक, मैत्री संगठन