बहरागोड़ा संवाददाता (बापुन): श्रावणी मेला के दौरान चित्रेश्वर धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा ना हो, इसे लेकर बहरागोड़ा के विधायक समीर कुमार मोहंती ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने अपने विधायक निधि से एक एंबुलेंस उपलब्ध कराई है, जो विशेष रूप से कांवड़ यात्रा के दौरान रात भर पेट्रोलिंग कर श्रद्धालुओं की सेवा में तैनात रहेगी।
यात्रा अवधि के बाद यह एंबुलेंस स्थायी रूप से बहरागोड़ा के आम नागरिकों के लिए समर्पित कर दी जाएगी, जिससे स्थानीय लोगों को आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा सहारा मिलेगा।
विधायक समीर मोहंती ने स्वयं बाबा चित्रेश्वर धाम का दौरा किया और मंदिर प्रबंधन, प्रशासन एवं पार्टी नेताओं के साथ मिलकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि, “श्रद्धालुओं की सेवा ही सच्ची भगवान सेवा है। हमारी प्राथमिकता है कि कोई भी यात्री असुविधा का शिकार ना हो।”
इस मौके पर बीस सूत्री कार्यक्रम के प्रखंड अध्यक्ष असित मिश्रा, थाना प्रभारी शंकर कुशवाहा, रास बिहारी साव, बिसु ओझा, यदुपति राणा, अभिजित बाग, अरूप गिरी, अनुजीत जैना, राजीव लेन्का समेत कई सामाजिक एवं राजनीतिक प्रतिनिधि मौजूद थे।
📌 अबुआ खबर आपके क्षेत्र की सच्ची और सरोकारी खबरें सबसे पहले पहुँचाता रहेगा।