चाकुलिया, संवाददाता (रोहन सिंह) 27 जुलाई – चाकुलिया प्रखंड में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे स्थानीय किसान खासा परेशान हैं। शनिवार शाम से रविवार सुबह तक दो हाथियों ने लोधाशोली पंचायत के कलसीमूंग गांव में जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान हाथियों ने कई किसानों के खेतों में लगे धान के बिचड़ों को पूरी तरह रौंद डाला, जिससे फसल को भारी नुकसान पहुंचा है।
पीड़ित किसानों में सुनील गोप, गुरुचरण खिलाड़ी, लखींद्र गोप और प्रफुल्ल महतो समेत कई अन्य किसान शामिल हैं। किसानों ने बताया कि हाथियों के झुंड अक्सर पश्चिम बंगाल की सीमा से लगे जंगलों से निकलकर गांव में घुस आते हैं और रात के अंधेरे में फसलों को बर्बाद कर देते हैं।
स्थानीय किसान सुनील गोप के अनुसार, यह कोई नई समस्या नहीं है, बल्कि बीते कई वर्षों से ग्रामीण इस संकट का सामना कर रहे हैं। हाथियों के डर से लोग शाम होते ही घरों में बंद हो जाते हैं, क्योंकि किसी भी समय जान का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि हाथियों की बढ़ती गतिविधियों पर नियंत्रण किया जाए और किसानों को मुआवजा देकर राहत पहुंचाई जाए। अगर समय रहते कदम नहीं उठाया गया, तो आने वाले समय में खेती करना और भी मुश्किल हो जाएगा।