बहरागोड़ा में तूफान से भारी नुकसान
बहरागोड़ा: रविवार शाम आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र में भारी तबाही मचाई। कई गांवों में कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हो गए, पेड़ उखड़कर गिर पड़े और बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई। चित्रेश्वर शिव मंदिर परिसर में कई दुकानें, गुमटियां और टाली घर तेज हवा की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गए।
कई परिवारों को हुआ नुकसान
तूफान के कारण चित्रेश्वर गांव निवासी स्वपन घोष के अकासिया और सागवान समेत करीब 12 पेड़ टूट गए। वहीं पाचांडो और आसपास के गांवों में कई लोगों के घरों को भी नुकसान पहुंचा है। तेज हवा के चलते कई जगहों पर सड़कें बाधित हो गईं और बिजली तार टूटने से आपूर्ति प्रभावित हुई।
विधायक ने प्रभावित क्षेत्रों का लिया जायजा
घटना की जानकारी मिलने पर विधायक समीर कुमार मोहंती ने सोमवार को सीओ राजाराम मुंडा और अपनी टीम के साथ तूफान प्रभावित गांवों का दौरा किया। उन्होंने पाचांडो गांव में ओनीमा देहुरी, पार्वती दलाई, अशोक दलाई, तुलसी कर्मकार, भूषण देहुरी, बरुण साहू और गौड़ दलाई समेत कई प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। इसके अलावा बनाबुड़ा गांव में वीरेंद्र नायक के घर का भी निरीक्षण किया।
प्रभावित परिवारों को दी सहायता
दौरे के दौरान विधायक ने प्रभावित लोगों को तिरपाल और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा क्षतिग्रस्त मकानों और फसलों का आकलन कराया जाएगा, ताकि पीड़ित परिवारों को जल्द मुआवजा मिल सके।
अधिकारियों को दिए निर्देश
विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि तूफान से हुए नुकसान का शीघ्र सर्वे कर प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद दिलाई जाएगी।
कई लोग रहे मौजूद
मौके पर प्रखंड अध्यक्ष असित मिश्रा, उप प्रमुख मुन्ना होता, अशोक कुमार, कृष्णा रंजन साहू, कान्हू बेरा, बुद्धदेव साहू और जदूपति राणा समेत कई लोग उपस्थित थे।