Responsive Menu
Add more content here...

एनएच-49 पर हाईवा और टेलर की आमने-सामने टक्कर, टेलर चालक के कटे दोनों पैर, एमजीएम रेफर

Spread the love

बहरागोड़ा, 10 अगस्त संवाददाता (बापुन) : – एनएच-49 पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें हाईवा और टेलर की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा माटिहाना स्थित भाई-भाई होटल के पास हुआ, जहां टक्कर के बाद दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए।

घटना में टेलर चालक 45 वर्षीय हनुमान प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी भयावह थी कि टेलर चालक के दोनों पैर कट गए। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची बहरागोड़ा थाना पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद घायल चालक को केबिन से बाहर निकाला।

हनुमान प्रसाद को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से बहरागोड़ा सीएचसी में प्राथमिक उपचार के लिए लाया गया, जहां से डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें एमजीएम मेडिकल कॉलेज, जमशेदपुर रेफर कर दिया। वहीं, हाईवा चालक का इलाज फिलहाल सीएचसी में जारी है।

दुर्घटना के पीछे सड़क की बदहाल व्यवस्था जिम्मेदार?

घटना के बाद एनएच-49 पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। बाद में क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल किया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में सर्विस रोड निर्माण लंबे समय से बंद पड़ा है, जिसके चलते मुख्य सड़क को वन-वे बना दिया गया है। यह अनियोजित व्यवस्था दुर्घटनाओं की मुख्य वजह बनती जा रही है।

स्थानीय निवासियों ने एनएचएआई पर गलत रोड डिज़ाइनिंग का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जहां एक ओर सर्विस रोड और मुख्य सड़क अलग-अलग होनी चाहिए थी, वहीं निर्माणाधीन सड़क को मैन रोड में तब्दील कर देने से हादसों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

लोगों की मांग: जल्द शुरू हो सर्विस रोड का निर्माण

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सर्विस रोड का निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा किया जाए ताकि सड़क पर वाहनों की आवाजाही सुचारू रूप से हो सके और ऐसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।