Responsive Menu
Add more content here...

पाकुड़ नगर परिषद चुनाव: अध्यक्ष पद के लिए सेलिना सुलताना को झामुमो का समर्थन

Spread the love

पाकुड़। संवाददाता

नगर निकाय चुनाव को लेकर पाकुड़ में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा ने नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए सेलिना सुलताना को अपना आधिकारिक समर्थन देने की घोषणा की है। यह घोषणा स्थानीय विधायक हेमलाल मुर्मू ने प्रेस वार्ता के दौरान की।

विधायक ने बताया कि अध्यक्ष पद के साथ-साथ नगर परिषद के सभी 21 वार्डों में भी झामुमो समर्थित प्रत्याशी मैदान में हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता अब घर-घर संपर्क अभियान चलाकर मतदाताओं से समर्थन की अपील करेंगे और सभी सीटों पर जीत सुनिश्चित करने का प्रयास करेंगे।

प्रेस वार्ता में विधायक ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार शहरी क्षेत्रों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में बुनियादी सुविधाओं को और सुदृढ़ किया जाएगा।

अध्यक्ष पद की प्रत्याशी सेलिना सुलताना ने कहा कि यदि जनता उन्हें अवसर देती है तो वे पानी, बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देंगी। उन्होंने पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन देने का भरोसा भी जताया।

पाकुड़ नगर परिषद में अध्यक्ष पद महिलाओं के लिए आरक्षित है और इस सीट पर कुल 10 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी और कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) समर्थित उम्मीदवार भी इस दौड़ में शामिल हैं। वहीं 21 वार्ड पार्षद पदों के लिए कुल 89 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं। अब 23 फरवरी को होने वाले मतदान में मतदाता किसे अपना समर्थन देते हैं, इस पर सभी की निगाहें टिकी हैं।