लखनऊ, 8 जून 2025: ब्यूरो रिपोर्ट भारतीय क्रिकेट टीम के उभरते सितारे रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की युवा सांसद प्रिया सरोज आज राजधानी लखनऊ के फाइव स्टार होटल सेंट्रम के फलकर्न हॉल में सगाई के बंधन में बंधे। दोपहर 1 बजे हुए इस समारोह में दोनों ने एक-दूसरे को अंगूठी पहनाकर अपने रिश्ते की आधिकारिक शुरुआत की।
पारिवारिक आयोजन, लेकिन राष्ट्रीय चर्चा
यह समारोह पूरी तरह से पारिवारिक रखा गया, पर इसकी भव्यता और नामचीन मेहमानों की मौजूदगी ने इसे चर्चा का विषय बना दिया। इस खास मौके पर राजनीति और खेल जगत की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं, जिनमें सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, सांसद डिंपल यादव, वरिष्ठ नेता जया बच्चन सहित क्रिकेट जगत के दिग्गज शामिल रहे।
सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम
प्रवेश केवल बारकोड स्कैनिंग पास के माध्यम से ही संभव था। आयोजन स्थल पर निजी सुरक्षा एजेंसियों के साथ-साथ स्थानीय पुलिस बल भी मुस्तैद दिखा।
रिश्ते की पुष्टि और शादी की तारीख
सपा विधायक और प्रिया सरोज के पिता तूफानी सरोज ने इस सगाई की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों परिवार इस रिश्ते से बेहद खुश हैं और पूरी परंपरा के अनुसार सगाई संपन्न की गई। जानकारी के अनुसार, शादी 18 नवंबर 2025 को वाराणसी के होटल ताज में होगी।
भोजन में पारंपरिक और मॉडर्न व्यंजन
सगाई समारोह में खास मेहमानों के लिए भव्य भोज का आयोजन किया गया था, जिसमें बनारसी दम आलू, दाल लखनवी, कढ़ी पकौड़ा, जीरा राइस, पनीर टिक्का लवाबदार, भिंडी मसाला जैसे व्यंजनों के साथ-साथ मूंग दाल हलवा, शाही टुकड़ा, इमरती-रबड़ी जैसी मिठाइयां भी परोसी गईं। आधुनिक स्वाद के लिए हक्का नूडल्स, मंचुरियन, सूप और चाट की भी व्यवस्था रही।
रिंकू-प्रिया की पहली मुलाकात और प्रेम कहानी
क्रिकेट मैदान पर अपनी दमदार बल्लेबाज़ी से पहचान बनाने वाले रिंकू सिंह और सामाजिक कार्यों में सक्रिय युवा सांसद प्रिया सरोज की पहली मुलाकात एक कॉमन फ्रेंड के जरिए हुई थी। यह मुलाकात धीरे-धीरे गहरी दोस्ती और फिर रिश्ते में बदल गई। आज यह जोड़ी न सिर्फ एक नई शुरुआत कर रही है, बल्कि युवाओं के लिए प्रेरणा भी बन रही है।