रांची – झारखंड की राजधानी रांची के सदर अस्पताल ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए पूरे देश में अपनी अलग पहचान बनाई है। आयुष्मान भारत – प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के सफल क्रियान्वयन के मामले में सदर अस्पताल रांची को देशभर में पहला स्थान प्राप्त हुआ है। यह न केवल अस्पताल प्रबंधन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है, बल्कि झारखंड की स्वास्थ्य सेवाओं में हो रहे सकारात्मक बदलाव का भी संकेत देता है।
इस ऐतिहासिक सफलता पर झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि,
“यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि जब सरकारी योजनाओं को ईमानदारी और निष्ठा से धरातल पर लागू किया जाता है, तो वे सिर्फ सफल ही नहीं होतीं, बल्कि अन्य संस्थानों के लिए एक प्रेरणास्त्रोत भी बन जाती हैं। झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में हमारा प्रयास लगातार जारी है, और यह परिणाम उसी का प्रतिफल है।”
(बाइट: डॉ. इरफान अंसारी, स्वास्थ्य मंत्री, झारखंड)
झारखंड के लिए यह गौरवपूर्ण क्षण न केवल राज्य के चिकित्सा ढांचे में भरोसे को मजबूत करता है, बल्कि आने वाले समय में आम जनता को और बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद भी बढ़ाता है।