Responsive Menu
Add more content here...

राजकीय शोक के बावजूद चालू था ट्रेनिंग सेंटर, युवा कांग्रेस की शिकायत पर अधिकारियों ने कराया बंद

Spread the love

बहरागोड़ा संवाददाता (बापुन) : झारखंड सरकार द्वारा दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी के निधन पर घोषित तीन दिवसीय राजकीय शोक के बावजूद बहरागोड़ा के पाटपुर स्थित निर्माण सर्विस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित स्किल ट्रेनिंग सेंटर मंगलवार को संचालित होता पाया गया।

इसकी जानकारी मिलते ही युवा कांग्रेस नेता विक्रम सिंह चौहान ने अनुमंडल पदाधिकारी को सूचित कर तत्काल कार्रवाई की मांग की। सूचना पर संज्ञान लेते हुए प्रशासन ने अंचल पदाधिकारी और पुलिस बल को मौके पर भेजा। जांच के उपरांत सेंटर को तत्काल प्रभाव से बंद कराया गया।

विक्रम सिंह चौहान ने कहा कि पूरा झारखंड दिशोम गुरु को नम आंखों से विदाई दे रहा है और पूरे राज्य में राजकीय अवकाश घोषित है। ऐसे समय में प्रशिक्षण केंद्र का संचालन यह दर्शाता है कि संबंधित संस्थान को सरकारी आदेशों और जनभावनाओं की कोई परवाह नहीं है।

युवा कांग्रेस ने इस कृत्य की कड़ी निंदा की है और इसे “राजकीय आदेशों का उल्लंघन एवं असंवेदनशीलता” करार देते हुए संबंधित संचालक पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही, संगठन ने आरोप लगाया कि निर्माण सर्विस प्राइवेट लिमिटेड के अन्य केंद्रों पर भी कई प्रकार की अनियमितताएं चल रही हैं, जिनकी जल्द जांच की जानी चाहिए।

चौहान ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही दोषियों पर कठोर कार्रवाई नहीं होती है, तो युवा कांग्रेस आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।