आम लेकर बिहार जा रहे थे दोनों युवक
बहरागोड़ा: बरसोल थाना क्षेत्र के भूतिया पंचायत अंतर्गत चंद्रपुर गांव के दो युवकों की हजारीबाग के पास चरही में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अज्ञात वाहन से टक्कर के बाद हादसा
मिली जानकारी के अनुसार चंद्रपुर गांव निवासी सोनाराम सोरेन (30) और रविंद्र नाथ मांडी (22) पिकअप वाहन से कच्चा आम लेकर घाटशिला से बिहार जा रहे थे। इसी दौरान चरही ओवरब्रिज के पास एनएच-33 पर देर रात करीब 2:30 बजे उनकी गाड़ी किसी अज्ञात वाहन से पीछे से टकरा गई।

सोनाराम सोरेन (चालक)
मौके पर चालक की मौत, सह चालक ने अस्पताल में तोड़ा दम
हादसे में पिकअप वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक सोनाराम सोरेन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सह चालक रविंद्र नाथ मांडी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया। इलाज के दौरान सुबह उनकी भी मौत हो गई।
गांव में पसरा मातम
चरही पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए। घटना की सूचना मिलते ही चंद्रपुर गांव में मातम छा गया। ग्रामीणों ने बताया कि सोनाराम सोरेन का दो साल का बेटा है, जबकि रविंद्र नाथ मांडी की छह महीने की बेटी है। दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

सह चालक रवींद्रनाथ मंडी
ग्रामीणों ने मदद की लगाई गुहार
ग्रामीणों ने बताया कि दोनों युवक मजदूरी और ड्राइविंग कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। अब उनके बुजुर्ग माता-पिता, पत्नी और छोटे बच्चों के सामने जीवनयापन की बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों से पीड़ित परिवारों की मदद की अपील की है।