Responsive Menu
Add more content here...

चाकुलिया:जंगली हाथी का तांडव: कोलबादिया स्कूल की चहारदीवारी और दरवाजे तोड़े, मिड-डे मील का अनाज चट किया

Spread the love

चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) : चाकुलिया प्रखंड की लोधाशोली पंचायत अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय कोलबादिया में बुधवार की रात एक जंगली हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। झुंड से बिछड़े एक दंतैल हाथी ने स्कूल परिसर में घुसकर न केवल संपत्ति को नुकसान पहुंचाया बल्कि बच्चों के निवाले पर भी हमला बोल दिया।मिली जानकारी के अनुसार हाथी ने सबसे पहले स्कूल की चहारदीवारी को ध्वस्त कर दिया और परिसर के भीतर दाखिल हो गया।

इसके बाद हाथी ने स्कूल के कमरों के दरवाजों को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। कमरे के भीतर रखे मिड-डे मील के चावल की बोरियों को हाथी ने अपना निशाना बनाया। हाथी ने कई बोरों को फाड़कर चावल खा लिया और काफी मात्रा में अनाज को कमरे और बरामदे में बिखेर कर बर्बाद कर दिया।घटना का पता गुरुवार सुबह तब चला जब विद्यालय के प्रधानाध्यापक कमलेश पाल और अन्य शिक्षक स्कूल पहुंचे।प्रधानाध्यापक ने बताया कि हाथी ने कमरे का दरवाजा पूरी तरह तोड़ दिया है और मिड-डे मील के राशन को भारी नुकसान पहुँचाया है।
गौरतलब है कि चाकुलिया के इस ग्रामीण इलाके में पिछले कई दिनों से हाथियों का आतंक बना हुआ है। झुंड से अलग होकर भटक रहे एक दंतैल हाथी ने स्थानीय निवासियों की नींद उड़ा रखी है। इस क्षेत्र में हाथी लगातार जान-माल का नुकसान कर रहे हैं जिससे ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति आक्रोश और अपनी सुरक्षा को लेकर गहरा डर व्याप्त है।