लातेहार, झारखंड: झारखंड के लातेहार जिले में शनिवार सुबह सुरक्षाबलों को एक बड़ी कामयाबी मिली है। झारखंड जनसंघर्ष मुक्ति मोर्चा (JJMP) के कुख्यात सुप्रीमो और 10 लाख रुपये के इनामी उग्रवादी पप्पू लोहरा को सुरक्षाबलों ने एक भीषण मुठभेड़ में मार गिराया। इस मुठभेड़ में एक अन्य उग्रवादी प्रभात लोहरा भी मारा गया है।
यह मुठभेड़ लातेहार के गारू थाना क्षेत्र अंतर्गत घने इचवार जंगलों में हुई, जहां पप्पू लोहरा अपने संगठन के सदस्यों के साथ किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने की तैयारी में था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस और CRPF की संयुक्त टीम ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
जैसे ही सुरक्षा बल जंगल के भीतर पहुंचे, उग्रवादियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभालते हुए दो उग्रवादियों को ढेर कर दिया। घटनास्थल से हथियार, कारतूस और संगठन से जुड़े दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं।
लातेहार एसपी कुमार गौरव के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई को अब तक की एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। पप्पू लोहरा लंबे समय से पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था और राज्यभर में कई नक्सली घटनाओं में उसकी सक्रिय भूमिका रही थी।
इस ऑपरेशन के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और भी सख्त कर दी गई है, और बाकी बचे उग्रवादियों की तलाश जारी है।