बहरागोड़ा, संवाददाता (बापुन) 29 जुलाई 2025
बहरागोड़ा प्रखंड के जमिरडीह, नोकट्टा और कांटाशोला जैसे तीन ग्रामीण इलाकों में आज भी पक्की सड़क जैसी मूलभूत सुविधा का अभाव है। बरसात के मौसम में कीचड़ और जलजमाव के कारण इन गांवों का संपर्क मुख्य मार्गों से लगभग कट जाता है, जिससे ग्रामीणों को विशेष रूप से स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, किसानों और बीमार व्यक्तियों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
इस गंभीर समस्या को लेकर नकांटा गांव के निवासी राजू महतो ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को ईमेल के माध्यम से एक ज्ञापन भेजा है। राजू महतो ने अपने पत्र में बताया कि वर्षों से ग्रामीण पक्की सड़क की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
राजू महतो ने अपने पत्र की कॉपी झारखंड के मुख्यमंत्री, पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त, बहरागोड़ा बीडीओ एवं सड़क मंत्रालय के सचिव को भी भेजी है। उन्होंने आग्रह किया है कि संबंधित विभाग तुरंत संज्ञान लेकर इन गांवों को जोड़ने वाली सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू करे ताकि ग्रामीणों को बेहतर और सुरक्षित परिवहन सुविधा मिल सके।
उन्होंने कहा,
“मैं नोकट्टा गांव का निवासी हूं और वर्षों से इस दुर्दशा को देख रहा हूं। हम केवल एक पक्की सड़क की मांग कर रहे हैं ताकि हमारा गांव भी विकास की मुख्यधारा से जुड़ सके।”
ग्रामीणों की यह मांग केवल बुनियादी सुविधा की नहीं, बल्कि सम्मानजनक जीवन की भी मांग है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि इस समस्या का जल्द समाधान नहीं निकाला गया, तो वे बड़े जन आंदोलन का सहारा लेने को मजबूर होंगे।