चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) : चाकुलिया प्रखंड के बर्डीकानपुर-कालापाथर पंचायत अंतर्गत मधुपुर गांव के उदयडांगा टोला में पिछले 20 दिनों से बिजली आपूर्ति ठप है। टोला में लगे 10 केवी क्षमता वाले ट्रांसफार्मर के खराब हो जाने के बाद से क्षेत्र के करीब 20 परिवार लगातार अंधेरे में रहने को विवश हैं।
स्थानीय निवासियों — कुना राम मुंडा, राम मुंडा और लक्ष्मण मुंडा — ने बताया कि ट्रांसफार्मर खराब होने से न सिर्फ घरों की दैनिक जरूरतें प्रभावित हुई हैं, बल्कि बच्चों की पढ़ाई पर भी बुरा असर पड़ रहा है। बरसात के मौसम में बिजली की अनुपलब्धता से स्थिति और भी चुनौतीपूर्ण हो गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि बिजली विभाग को कई बार लिखित आवेदन देकर नया ट्रांसफार्मर लगाए जाने की मांग की गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
इस संबंध में चाकुलिया विद्युत विभाग के सहायक अभियंता एहसान अख्तर ने जानकारी दी कि मामला विभाग के संज्ञान में है और शीघ्र नया ट्रांसफार्मर लगाए जाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
स्थानीय ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि विभाग जल्द से जल्द आवश्यक कदम उठाएगा, ताकि उन्हें इस बिजली संकट से राहत मिल सके।